
गरबा और डांडिया स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए कालिका टीम मुस्तैद
नवरात्र पर्व के दौरान गरबा एवं डांडिया महोत्सव में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अजमेर पुलिस की ओर से शक्ति सुरक्षा अभियान के त…

स्रोत: मूल रिपोर्ट, रूपनगढ़ न्यूज़ · प्रकाशक: Adi Parashakti Infotech Private Limited

पीपलाद के जुड़वा नवजातों के लिए जगजोत सिंह पंजाबी और सुभाष कुमार ने किया प्लाज्मा दान, छोटा नरैना के पांच दिन के बच्चे के लिए अरविन्द कुमार वर्मा आए आगे
अजमेर। कहते हैं कि इंसानियत की कोई जाति और धर्म नहीं होता। जब किसी की जिंदगी संकट में हो, तब मदद के लिए बढ़ा एक हाथ पूरे परिवार की खुशियां लौटा सकता है। अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में दुर्लभ रक्त समूह के कारण जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे दो नवजातों के लिए इमरजेंसी ब्लड ग्रुप अजमेर के रक्तवीर संकटमोचक बनकर सामने आए। पीपलाद के दो दिन के जुड़वा नवजातों के लिए जगजोत सिंह पंजाबी और सुभाष कुमार ने बी-नेगेटिव प्लाज्मा दान किया, वहीं छोटा नरैना के पांच दिन के नवजात के लिए अरविन्द कुमार वर्मा ने एबी-नेगेटिव प्लाज्मा दान कर मानवता की मिसाल पेश की।
अस्पताल में प्लाज्मा नहीं, परिजनों की बढ़ीं धड़कनें
पीपलाद, परबतसर निवासी मुश्ताक खान के घर दो जुड़वा बच्चों के जन्म के बाद खुशियों का माहौल था, लेकिन प्रसव के बाद दोनों नवजातों को फ्रेश प्लाज्मा की आवश्यकता बताई गई। दोनों बच्चों का रक्त समूह बी-नेगेटिव था। जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में आवश्यक प्लाज्मा उपलब्ध नहीं होने से परिजनों की चिंता बढ़ गई। दुर्लभ रक्त समूह के कारण समय पर व्यवस्था करना बड़ी चुनौती बन गया था। ऐसे मुश्किल समय में रूपनगढ़ पुलिस थाने में कार्यरत कांस्टेबल मुकेश सारण, जो स्वयं पीपलाद निवासी हैं, ने इमरजेंसी ब्लड ग्रुप अजमेर के संचालक लक सा जाजोता को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही उन्होंने अपनी टीम से संपर्क किया। जरूरत की गंभीरता को समझते हुए पंचशीलनगर, अजमेर निवासी जगजोत सिंह पंजाबी और झुंझुनूं निवासी सुभाष कुमार मदद के लिए आगे आए। दोनों रक्तवीरों ने बी-नेगेटिव प्लाज्मा दान कर नवजातों के उपचार में सहयोग किया। जगजोत सिंह पंजाबी के लिए यह रक्तदान इसलिए भी खास रहा, क्योंकि उन्होंने अपने जीवन का पहला रक्तदान कर मानवता की सेवा में कदम बढ़ाया। दो दिन के नवजातों की मदद के लिए उनका आगे आना अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।
पांच दिन से प्लाज्मा की तलाश, अरविन्द ने बढ़ाया मदद का हाथ
दूसरा मामला रूपनगढ़ क्षेत्र के छोटा नरैना निवासी हरिओम छिपा के परिवार का है। प्रसव के बाद उनके पांच दिन के नवजात को एबी-नेगेटिव फ्रेश प्लाज्मा की जरूरत बताई गई। दुर्लभ रक्त समूह होने के कारण परिवार को आवश्यक प्लाज्मा जुटाने में परेशानी हो रही थी। परिजन कई दिनों से इसकी व्यवस्था को लेकर चिंतित थे। जब जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में आवश्यक एबी-नेगेटिव प्लाज्मा उपलब्ध नहीं हुआ, तो परिवार की मुश्किलें और बढ़ गईं। इसी दौरान मामले की जानकारी इमरजेंसी ब्लड ग्रुप अजमेर के संचालक लक सा जाजोता तक पहुंची। उन्होंने तुरंत टीम के सदस्यों से संपर्क कर मदद की व्यवस्था शुरू की। टीम के सदस्य केशरपुरा, अजमेर निवासी अरविन्द कुमार वर्मा ने आगे आकर जोनल ब्लड बैंक अजमेर पहुंचकर एबी-नेगेटिव प्लाज्मा दान किया। उनके इस मानवीय प्रयास से नवजात के उपचार के लिए आवश्यक प्लाज्मा उपलब्ध कराने में मदद मिली और परेशान परिवार को बड़ी राहत मिली।
जाति-धर्म से ऊपर उठकर निभाया इंसानियत का धर्म
इन दोनों मामलों ने एक बार फिर साबित किया कि रक्तदान और प्लाज्मा दान केवल चिकित्सा सहायता नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सशक्त माध्यम है। एक ओर पीपलाद के मुस्लिम परिवार के नवजातों की मदद के लिए रक्तवीर आगे आए, तो दूसरी ओर छोटा नरैना के छिपा परिवार के नवजात के लिए भी दुर्लभ रक्त समूह की व्यवस्था में सहयोग किया गया। मुश्किल समय में जरूरतमंद परिवारों की मदद करने वाले इन रक्तवीरों ने यह संदेश दिया कि किसी की जिंदगी बचाने से बड़ा कोई धर्म नहीं है। दुर्लभ रक्त समूह के मरीजों के लिए समय पर रक्त और प्लाज्मा की व्यवस्था करना चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में रक्तदाताओं की तत्परता और सामाजिक संगठनों के बीच समन्वय बेहद महत्वपूर्ण साबित होता है।
1900 से अधिक लोगों की मदद कर चुका है इमरजेंसी ब्लड ग्रुप अजमेर
इमरजेंसी ब्लड ग्रुप अजमेर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदाताओं की व्यवस्था करने के उद्देश्य से लगातार काम कर रहा है। संगठन से जुड़ी जानकारी के अनुसार, अब तक राजस्थान सहित देश के विभिन्न हिस्सों में 1900 से अधिक लोगों की जान बचाने में मदद की जा चुकी है। संगठन के सदस्य आपातकालीन परिस्थितियों में दुर्लभ रक्त समूह के रक्तदाताओं से संपर्क कर जरूरतमंद परिवारों की सहायता करने का प्रयास करते हैं। संगठन के संचालक लक सा जाजोता और सह संचालक बलवीर कुमार जांगिड़ ने रक्तदाताओं के इस सेवा भाव को मानवता के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने आमजन से अपील की कि स्वस्थ और पात्र व्यक्ति रक्तदान के लिए आगे आएं, ताकि रक्त की कमी के कारण किसी जरूरतमंद मरीज के उपचार में बाधा नहीं आए।
संपर्क करें — इमरजेंसी ब्लड ग्रुप अजमेर
लक सा जाजोता
संचालक-इमरजेंसी ब्लड ग्रुप अजमेर
मोबाइल: 9462360212, 7878574365
बलवीर कुमार जांगिड़
सह संचालक-इमरजेंसी ब्लड ग्रुप अजमेर
मोबाइल: 8104444687

हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमारा ऐप इंस्टॉल करें।
📲 App डाउनलोड करेंइस खबर में कोई तथ्यात्मक गलती दिखी? हमें बताएं या news@mydevloper.com पर लिखें।

नवरात्र पर्व के दौरान गरबा एवं डांडिया महोत्सव में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अजमेर पुलिस की ओर से शक्ति सुरक्षा अभियान के त…

रूपनगढ़। आगामी पंचायतराज चुनाव 2026 के मद्देनजर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रूपनगढ़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6.4…

रूपनगढ़। भारतीय जनता पार्टी ने पंचायत चुनावों की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा पंचायत चुनाव पर्यवेक्षक अशोक सोनी ने रूपनगढ़ मंडल का दौरा…